Meri Fasal Mera Byora Portal : कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, हरियाणा द्वारा किसानों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए मेरी फसल मेरा ब्यौरा को पंजीकरण के लिए 3 दिन के लिए पुन: खोल दिया गया है।
उप निदेशक कृषि डा. सुखदेव सिंह ने बताया कि सभी किसानों को अपनी फसलों को न्यूनतम समर्थन मूल्य पर बेचने व कृषि विभाग की सभी योजनाओं का लाभ लेने के लिए पोर्टल पर फसल का पंजीकरण करवाना अनिवार्य है। जो किसान किसी कारणवश अपनी फसलों को पोर्टल पर पंजीकृत नहीं करवा पाए थे, उन सब किसानों के लिए पंजीकरण करवाने के लिए पोर्टल 28 से 30 सितंबर, 2023 तक दौबारा शुरू कर दिया गया है।
उन्होंने जिला के सभी किसानों से आह्वान किया कि वह इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाएं और अपने नजदीकी सीएससी सेंटर पर जाकर फसलडॉटहरियाणाडॉटजीओवीडॉटइन (fasal.haryana.gov.in) पोर्टल पर समय रहते अपनी फसलों का पंजीकरण करवाना सुनिश्चित करें।
उन्होंने बताया कि हरियाणा में ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल को 1 अक्टूबर, 2023 से खोला जाएगा, इस पर किसान अपनी कपास की फसल में हुए नुकसान का ब्यौरा पोर्टल पर दर्ज करवा सकेंगे। उन्होंने बताया कि ये निर्देश कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, हरियाणा मंत्री जयप्रकाश दलाल ने कृषि एवं राजस्व अधिकारियों को दिए हैं।
उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों को कपास फसल के नुकसान का आकलन करते हुए रिपोर्ट को प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिए हैं ताकि राजस्व विभाग द्वारा आकलन रिपोर्ट के अनुसार फसल में हुए नुकसान की वित्तीय सहायता प्रदान की जा सके।